बिलासपुर केंद्रीय जेल में दीपावली पर्व के दौरान शुक्रवार की रात एक कैदी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कैदी हत्या के केस में सजा काट रहा था। रात में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी, तब उसे जेल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखकर सिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जूना बिलासपुर के कतियापारा निवासी बजरंग यादव (35) हत्या के केस में सेंट्रल जेल में बंद था। बजरंग जब 19 साल का था, तब मोहल्ले में बलवा और मारपीट हो गई थी। इस हमले में उसने एक युवक की हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। साल 2009 में अपर सत्र न्यायाधीश ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद से वो सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था।
दीपावली की रात बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत
जेल प्रशासन का कहना है कि शुक्रवार की रात जेल के बैरक में बजरंग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसकी जानकारी मिलते ही जेल कर्मी उसे जेल अस्पताल लेकर गए, जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया। इस बीच सिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।