Monday, March 16, 2026

400 फीट गहरे बोरवेल में 40 घंटे से फंसा मासूम:रेस्क्यू टीम ने 45 फीट गड्ढा खोदा; अफसर बोले- कब तक निकाल पाएंगे, कह नहीं सकते

मध्यप्रदेश के बैतूल में बोरवेल में गिरे 6 साल के बच्चे को 40 घंटे बाद भी निकाला नहीं जा सका। बोर 400 फीट गहरा है। बच्चे को निकालने के लिए बोर के समानांतर गड्‌ढा खोदा जा रहा है, लेकिन लगातार पानी आने की वजह से गड्‌ढे की गहराई ज्यादा नहीं बढ़ाई जा सकी है। बोरवेल के समानांतर 45 फीट का गड्‌ढा खोदा जा चुका है। अब टनल बनाने का काम शुरू होगा।

कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया की सुरंग बनाने का काम आड़े बोर की मशीन से किया जाएगा। यह मशीन जहां तक काम करती है, वहां तक मशीन से ही सुरंग बनेगी। बोर में बड़ी मशीनों का कंपन न हो इसलिए दूसरी मशीन लगाने का फैसला किया है। बालक को पहले सीएचसी आठनेर ले जाएंगे। वहां से आईसीयू शिफ्ट किया जाएगा, लेकिन फिलहाल अंदर से कोई रेस्पॉन्स नहीं आ रहा है।

ADM श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि बालक बोरवेल में 38 फीट नीचे फंसा है। हरदा, होशंगाबाद और बैतूल SDERF, NDRF के 125 से ज्यादा जवान मांडवी गांव में रेस्क्यू में जुटे हैं। जायसवाल ने बताया कि मासूम तन्मय को कब तक निकाला जा सकेगा, इसका कोई अंदाजा नहीं है। मासूम के मां-बाप उसकी सलामती के लिए घर में पूजा-प्रार्थना कर रहे हैं। बच्चे के स्कूल के साथी भी उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।

गड्ढे में बार-बार पानी भर जाने की वजह काम प्रभावित हो रहा है। कड़े पत्थर और चट्‌टानों की वजह से भी खुदाई में उतनी तेजी नहीं आ पा रही है। होमगार्ड कमांडेंट एसआर अजमी ने बताया कि बच्चे तक पहुंचने के लिए 7 से 8 फीट सीधी सुरंग बनाई जाएगी। टनल बन जाने के बाद बच्चे को पैरों की तरफ से निकाला जाएगा। NDRF की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन ऑपरेट कर रही है। ब्लास्टिंग एक्सपर्ट से टनल बनाने पर चर्चा हुई है।

चार गांव के लोग मदद में जुटे
घटनास्थल मांडवी गांव के साथ-साथ आसपास के 4 गांव के लोगों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। रेस्क्यू में जुटे 200 से अधिक लोगों के लिए निःशुल्क भोजन से लेकर सभी प्रकार की व्यवस्था ग्रामीणों द्वारा की जा रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि प्रशासन लगातार राहत कार्य में लगा है। लिहाजा हर स्तर पर मदद के लिए हम भी सहयोग दे रहे हैं। हमारी सिर्फ एक मंशा है कि तन्मय को हंसता-खेलता देखें।

खेत मालिक पर होगी FIR
ADM श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि बच्चे को सकुशल बाहर निकालना प्राथमिकता है। इसके बाद खेत मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जाएगी। SDRF और NDRF की टीम लगातार बच्चे तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। खोदे जा रहे गड्‌ढे में बहुत ही हार्ड पत्थर आ रहे हैं, इसलिए उन्हें हटाने में परेशानी आ रही है। बच्चे ने मंगलवार शाम से कोई रिस्पॉन्स नहीं किया है।