Saturday, November 21, 2026

Korba Accident News: रेस्टोरेंट के सामने बोलेरो का तांडव, थार और मारुति समेत कई गाड़ियों को मारी टक्कर; CCTV में कैद हुई घटना

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे रेस्टोरेंट की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में थार, मारुति कार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पार्किंग में खड़ी गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

बजरंग चौक की ओर से आ रही थी तेज रफ्तार बोलेरो

घटना गेवरा-दीपका-कटघोरा रोड स्थित सिंह रेस्टोरेंट के सामने की है। रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह के मुताबिक, बीती रात होटल के सामने पार्किंग में थार, मारुति कार समेत कई वाहन खड़े थे। इसी दौरान दीपका के बजरंग चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से जा टकराई।

टक्कर के बाद खड़ी गाड़ियां आपस में भिड़ गईं और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। हादसे का पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है।

बोलेरो में ड्राइवर समेत तीन लोग थे सवार

बताया जा रहा है कि बोलेरो में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो SECL में नियोजित बताई जा रही है। उसका चालक विजयनगर का निवासी बताया गया है।

प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या नशे की स्थिति में वाहन चलाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चालक के नशे में होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लाखों रुपए के नुकसान की आशंका, पुलिस ने जब्त की बोलेरो

हादसे के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद लोग बाहर पहुंचे तो पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त मिलीं। रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार, इस दुर्घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है।

सूचना मिलने पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

गनीमत रही कि घटना के समय पार्किंग के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।