*कोरबा:* जिले के बांगो थाना अंतर्गत तान नदी में बीती रात एक बड़ा हादसा टल गया। अचानक जल स्तर बढ़ने के कारण नदी पार करते समय दो युवक बीच नदी में फंस गए। पानी के तेज बहाव में फंसे युवकों की जान खतरे में पड़ गई थी, लेकिन समय पर सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डायल 112 की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस साहसी कार्रवाई के बाद दोनों युवकों ने चैन की सांस ली।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि डायल 112 की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए युवकों को बचाया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 की टीम की प्रशंसा की है और समय रहते मदद पहुंचाने के लिए आभार व्यक्त किया है। इस साहसी और जिम्मेदार कदम से एक बार फिर साबित हो गया कि कठिन परिस्थितियों में भी सुरक्षा बल पूरी तत्परता और साहस के साथ कार्य करते हैं।









