Friday, September 11, 2026

Korba Crime News: नए घर को लेकर विवाद, पति ने सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर किया हमला; मौके पर मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नया घर बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पति ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी पति रमेश डोंगरे (40) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मृतका की पहचान बंधन कुंवर (39) के रूप में हुई है।

नया घर बनाने की बात पर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, रमेश डोंगरे अपनी पत्नी बंधन कुंवर के साथ शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 में रहता था। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि रमेश नया घर बनाकर वहां रहने की बात कह रहा था, जबकि पत्नी इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

गुस्से में डंबल से किया हमला

बताया गया है कि बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच विवाद के दौरान रमेश ने सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण बंधन कुंवर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दोनों की थी दूसरी शादी

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंधन कुंवर आरोपी रमेश डोंगरे की दूसरी पत्नी थी। वहीं, बंधन कुंवर की भी यह दूसरी शादी बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों पति-पत्नी घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए पाली पुलिस के साथ FSL टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार की है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।