Wednesday, October 21, 2026

Korba Murder Update: मुड़ापार हत्याकांड में बिट्टू, सिक्कू और विजय गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दशहरा की रात मुड़ापार मैदान के पास हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू चौहान, सिक्कू चौहान और विजय चौहान के रूप में बताई गई है। वहीं, वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू और छुरा भी बरामद कर जब्त किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दशहरा मैदान में डीजे पर नाचने के दौरान हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे की है। मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के मुड़ापार दशहरा मैदान में रावण दहन से पहले डीजे की धुन पर लोग नाच रहे थे। इसी दौरान रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल उर्फ गोल्डन और मुड़ापार निवासी बिट्टू चौहान के बीच धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि नाचने के दौरान धक्का लगने से नाराज राहुल ने बिट्टू को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद विजय चौहान भी वहां पहुंच गया। राहुल और विजय के बीच भी मारपीट और धक्का-मुक्की हुई। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।

मैदान से गली में ले जाकर राहुल पर चाकू से हमला

आरोप है कि विवाद के बाद बिट्टू चौहान, विजय चौहान, सिक्कू चौहान और उनके एक अन्य साथी ने राहुल को मैदान के पास स्थित गली में ले जाकर मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने चाकूनुमा हथियार से राहुल के पेट पर कई वार कर दिए।

गंभीर रूप से घायल राहुल उर्फ गोल्डन खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस वारदात में राहुल की जान चली गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने रात में चलाया सर्च अभियान, तीन आरोपी गिरफ्तार

हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने मानिकपुर पुलिस के साथ घटनाक्रम की जानकारी लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी क्षेत्र से बाहर एक झोपड़ीनुमा स्थान पर छिपे हुए थे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वहां से तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि चौथा आरोपी फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों से चाकू और छुरा बरामद कर जब्त किया गया है।

फरार आरोपी की तलाश जारी, पुलिस कर रही वैधानिक कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। दशहरा जैसे पर्व के दौरान हुए इस हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।