Wednesday, November 25, 2026

Korba News: दर्री में सड़क पर ट्रक-ट्रेलर खड़े करने वालों को पुलिस की चेतावनी, यातायात बाधित किया तो होगी कार्रवाई

कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर बेतरतीब तरीके से ट्रक और ट्रेलर खड़े करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। दर्री पुलिस ने वाहन मालिकों और चालकों को समझाइश देते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बेतरतीब पार्किंग से दुर्घटनाओं का खतरा

दर्री थाना पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर ट्रक और ट्रेलर चालक कई बार अपने भारी वाहनों को सड़क या सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा कर देते हैं। इससे आवागमन बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। आम नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।

दर्री पुलिस ने वाहन चालकों से की ये अपील

पुलिस ने ट्रक और ट्रेलर चालकों से कहा है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें। मुख्य मार्ग और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से बचें। इसके साथ ही सड़क पर आवागमन बाधित करने या दुर्घटना की स्थिति निर्मित करने वाले किसी भी व्यवहार से दूर रहें।

नियम तोड़ने पर वाहन चालक और मालिक पर होगी कार्रवाई

दर्री पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन चालक सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करता है या यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया जाता है, तो संबंधित चालक और वाहन मालिक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।