Sunday, May 3, 2026

KORBA NEWS: पेड़ से गिरने पर युवक की मौत, दो दिन बाद मिला शव

करतला। चचिया चांपा-चोरभट्टी इलाके में नीम के पेड़ से गिरने से एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चांपा गांव निवासी मनमोहन सिंह राठिया के रूप में हुई है। उसका शव दो दिन बाद पेड़ के नीचे मिला।

जानकारी के अनुसार, मनमोहन 7 अगस्त को घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। आदतन शराबी होने के कारण वह कई बार देर से घर लौटता था, लेकिन जब वह लंबे समय तक नहीं आया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। 24 घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई।

रक्षाबंधन की शाम को चोरभट्टी गांव की सीमा से सटे खेत में नीम पेड़ के नीचे उसका शव मिला। करतला थाना प्रभारी केके वर्मा और हेड कांस्टेबल पद्मन सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

जांच में सामने आया कि मनमोहन दातून तोड़ने के लिए नीम पर चढ़ा था, तभी वह संतुलन खोकर पेट के बल नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसका मुंह मिट्टी में धंस गया, जिससे संभवतः दम घुटने से मौत हो गई।

पुलिस ने बीएनएसएस की धारा के तहत मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की कार्रवाई डॉक्टर की रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी