Tuesday, March 17, 2026

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में प्रवासियों पर हमला:UP के दो मजदूरों पर आतंकियों ने गोलियां चलाईं, हालत गंभीर

जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के रख मोमिन इलाके में आतंकियों ने शनिवार रात दो बाहरी मजदूरों पर गोलियां चलाईं। इसमें वे घायल हो गए। मामले की जानकारी कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर दी है। घायलों को बिजबेहड़ा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

मजदूर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के रहने वाले हैं। इनके नाम छोटा प्रसाद और गोविंद हैं। पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने टारगेट करके यह हमला किया है। पुलिस के मुताबिक, इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।

प्रवासियों पर बढ़ रहे हैं हमले

यह पहली बार नहीं है, जब गैर कश्मीरियों को आतंकियों ने निशाना बनाया है। इससे पहले भी अनंतनाग में 3 नवंबर को बिहार और नेपाल के रहने वाले दो लोगों पर हमला हुआ था।

शोपियां जिले में 18 अक्टूबर को यूपी के रहने वाले दो लोगों पर ग्रेनेड से हमला हुआ था। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान कन्नौज के रहने वाले मनीष कुमार और राम सागर की मौत हुई थी।

इस साल मारे गए 176 आतंकी

जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को खत्म करने के लिए पुलिस और सेना की तरफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एनकाउंटर में कई आतंकियों को ढेर भी किया गया। इस साल अक्टूबर तक 176 आतंकी मारे गए हैं। इनमें 126 लोकल आतंकी थे। जम्मू और कश्मीर में अभी कुल 134 एक्टिव आतंकी मौजूद हैं। इनमें से 83 विदेशी और 51 लोकल आतंकी हैं।

इस साल अब तक 21 टारगेट किलिंग हो चुकी हैं। इनमें कश्मीरी पंडित, राज्य के बाहर से आए मजदूर और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। इस साल अलग-अलग आतंकी हमलों में 9 हिंदुओं की जान जा चुकी है।