जशपुर जिले में नाबालिग गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड ने मिलकर अपने ही दोस्त को हथौड़े से सिर कुचलकर मार डाला। लाश को बोरे में लपेटकर फेंक दिया। दोस्त ने आरोपी की मां को उसकी प्रेमिका और शराब पीने की लत के बारे में बता दिया था, जिससे आरोपी नाराज था। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम सुरेश (17) है। नमन (परिवर्तित नाम) और सुरेश अक्सर दोनों साथ में ही रहते थे। दिवाली की रात भी साथ में ही थे। दोनों ने उस रात जमकर शराब पी थी। नमन ने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया है।

क्या है वारदात की वजह ?
पुलिस ने बताया कि 30 अक्टूबर को लाश मिली थी। पुलिस ने मामले की पड़ताल की। पता चला कि सुरेश को नमन के साथ आखिरी बार देखा गया था। इस पर पुलिस ने नमन को हिरासत में लिया। इस दौरान नमन ने पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर की रात आरोपी की नाबालिग गर्लफ्रेंड नेहा (परिवर्तित नाम) और उसकी 2 बहनें घर आई थी।
इस दौरान नमन और उसका दोस्त सुरेश भी मौजूद था। शाम 7 बजे के लगभग आरोपी नमन की प्रेमिका अपने घर जाने लगी। दोनों दोस्त मिलकर उसे रोक रहे थे, लेकिन नेहा नहीं मानी। नमन के दोस्त सुरेश ने उसकी गाड़ी की चाबी छुपा दी।