Thursday, September 24, 2026

MP के बाद गुजरात में चला सरकारी बुलडोजर:खंभात में दरगाह के सामने बनीं अवैध दुकानें गिराईं, रामनवमी शोभायात्रा पर पथराव के बाद एक्शन

यूपी के योगी बाबा के बुलडोजर एक्शन की लोकप्रियता मध्यप्रदेश होते हुए गुजरात पहुंच गई है। गुजरात के खंभात में रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव करने वालों की दुकानों को प्रशासन ने बुलडोजर से गिरा दिया है। यह दुकानें हिंसा वाली जगह एक मजार (दरगाह) के सामने अवैध तरीके से बनाईं गई थीं।

रामनवमी पर गुजरात के खंभात के अलावा हिम्मतनगर और द्वारका में भी पथराव हुआ था। खंभात में हुए पथराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 15 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।

खंभात प्रशासन ने दुकानों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई के बारे में कहा- यह सब अवैध निर्माण था, जिसे गिराया गया है। सुरक्षा के लिहाज से इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम और कई अन्य बड़े ऑफिसर भी इस कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि यहां जो अवैध निर्माण थे, वहां से आपराधिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, इसलिए एक्शन लिया गया। इस तरह से हिंसा फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रामनवमी के मौके पर खंभात शहर के शंकरपुरा क्षेत्र के रामजी मंदिर से रविवार शाम 4 बजे डीजे के साथ जुलूस निकाला गया था। जुलूस में तीन हजार से अधिक श्रद्धालु जमा थे। जुलूस तीन द्वारों चितरी बाजार, पीठ बाजार, मंडई चौकी क्षेत्र से होकर गुजरना था। हालांकि शंकरपुरा क्षेत्र से निकलने के बाद जुलूस कुछ दूर ही पहुंचा था कि तभी बबूल के खेतों से कुछ दंगाइयों ने अचानक जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों में भगदड़ मच गई। इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।