Thursday, October 22, 2026

कर्नाटक में महाराष्ट्र के ट्रकों पर पथराव

कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद मंगलवार को हिंसक हो गया। कर्नाटक के बेलगाम में कन्नड़ समूह के ‘कर्नाटक रक्षणा वेदिक’ के मेंबर्स ने महाराष्ट्र के ट्रकों पर पथराव कर दिया। घटना हिरबागडेवाडी टोल नाके के पास हुई। पुलिस ने पथराव कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया है। उधर, घटना के विरोध में पूर्व CM उद्धव ठाकरे गुट के शिवसैनिकों ने पुणे में कर्नाटक की बसों पर ‘जय महाराष्ट्र’ लिख दिया। साथ ही कहा कि हम संस्कारी हैं इसलिए बसों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।

शिवसैनिकों ने महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा से लगे चिक्कोडी से कर्नाटक में प्रवेश कर विरोध करने की कोशिश की तो उन्हें हिरासत में ले लिया गया। कोल्हापुर के शिवसेना प्रमुख विजय देवाने को हिरासत में लिया गया है। ये लोग कर्नाटक के CM और महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे का विरोध कर रहे थे।

फडणवीस ने CM बोम्मई से बात कर नाराजगी जताई
ट्रकों पर पथराव की घटना को लेकर महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस ने कर्नाटक के CM बसवराज बोम्मई से बात कर नाराजगी जताई है। बोम्मई ने कहा कि घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महाराष्ट्र से आने वाले वाहनों की सुरक्षा की जाएगी।

पुणे में कर्नाटक की बसों पर स्याही लगाई
पुणे में शिवसेना ठाकरे गुट के सदस्यों ने कर्नाटक की बसों पर स्याही लगाई और कुछ बसों पर जय महाराष्ट्र लिख दिया। पुलिस ने नाराज शिवसैनिकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि हम संस्कारी हैं इसलिए बसों को नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं।

सीमा विवाद पर NCP प्रमुख शरद पवार का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि CM शिंदे ने कर्नाटक के CM से बात की, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर कोई नरमी नहीं दिखाई है। किसी को भी हमारे महाराष्ट्र के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। इसे बिल्कुल भी गलत दिशा में नहीं जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर 48 घंटे में हमले नहीं रुके तो हमें बेलगाम आना पड़ेगा। मराठियों में दहशत फैलाने की कोशिश की जा रही है। अगर कुछ हुआ तो बोम्मई इसके जिम्मेदार होंगे।

पवार ने कहा- CM शिंदे को कोई भी फैसला करने से पहले सभी पार्टियों को भरोसे में लेना चाहिए। संसद का सत्र शुरू होने वाला है। मैं सभी सांसदों से अनुरोध करता हूं कि सीमा मुद्दे पर एकसाथ आएं और स्टैंड लें। उन्होंने कहा कि वे यह मामला संसद में भी उठाएंगे।