डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ ब्लॉक के ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी और तनाव में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में सरपंच Maniklal Verma घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई है।
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम में भाषण चल रहा था, तभी ग्राम पलांदूर निवासी Jitendra Yadav (36 वर्ष) ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब पूरे प्रदेश में “सुशासन तिहार 2026” के तहत गांव-गांव समाधान शिविर आयोजित कर सरकार जनता की समस्याओं के निराकरण का दावा कर रही है। सरकारी रिकॉर्ड और जनसंपर्क विभाग के अनुसार इन शिविरों में प्रशासन सीधे ग्रामीणों से संवाद कर रहा है।
हालांकि डोंगरगढ़ क्षेत्र में सुशासन तिहार के दौरान विवाद और विरोध की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले पट्टे की मांग को लेकर लोगों ने अधिकारियों को घंटों बंधक बना लिया था, जिसके बाद पुलिस बल प्रयोग तक की स्थिति बन गई थी।
अब पलांदूर की इस चाकूबाजी की घटना ने सरकारी आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के बीच खुलेआम हुए इस हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। हमले के पीछे की वजहों का पता लगाया जा रहा है और आरोपी से पूछताछ जारी है।






