Saturday, August 1, 2026

VIDEO: हॉस्टल बना दारूबाजी का अड्डा, वॉर्डन और रोजगार सहायक बच्चों के सामने पीते हैं शराब; उपसरपंच ने रोका तो बोले- जो करना है कर लो

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के ग्राम पंचायत कोरजा में हाई स्कूल के सामने प्री मैट्रिक आदिवासी हॉस्टल बनाया गया है, जो अब दारूबाजी का अड्डा बनता जा रहा है। हॉस्टल के अधीक्षक उत्तरा दिवाकर और रोजगार सहायक रेवा लाल सोनवानी के ऊपर बच्चों के हॉस्टल में घुसकर उनके सामने शराब पीने का आरोप लगा है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

शिकायत पर सहायक आयुक्त ललित शुक्ला मौके पर पहुंचे, जहां हॉस्टल में शराब पीते वॉर्डन, रोजगार अधीक्षक और उसके साथियों को रंगेहाथों पकड़ा। - Dainik Bhaskar

जानकारी के मुताबिक, गौरेला के ग्राम पंचायत कोरजा के प्री मैट्रिक आदिवासी हॉस्टल में आसपास के गांवों के कई बच्चे रहते हैं, लेकिन अब यहां के हॉस्टल वॉर्डन उत्तरा दिवाकर और रोजगार सहायक रेवा लाल सोनवानी के ऊपर गंभीर आरोप लग रहे हैं। उपसरपंच अभय कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों बच्चों के सामने ही शराब पीते हैं, जिससे उन पर बुरा असर पड़ता है। माता-पिता ने बच्चों को अच्छी शिक्षा ग्रहण करने के लिए हॉस्टल में भेजा है, लेकिन वॉर्डन और रोजगार सहायक के कारण यहां का माहौल खराब हो रहा है।उपसरपंच अभय कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें हॉस्टल में शराबखोरी की गोपनीय जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। यहां उन्होंने शराब पीते हुए हॉस्टल अधीक्षक और रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ा। तब दोनों ने कहा कि हां हमने शराब पी है, जो करना है कर लो। तब उन्होंने इसकी शिकायत आला अधिकारियों से की।