Tuesday, March 17, 2026

जहां मां से रेप..वहीं बेटी ने की आत्महत्या:फैक्ट्री के अंदर मिली युवती की लाश, सुसाइड नोट में लिखा-पापा MISS U

बालोद जिले में एक युवती ने उस फैक्ट्री में सुसाइड कर लिया, जहां उसकी मां से रेप हुआ था। फांसी के फंदे से लटका हुआ उसका शव मिला है। पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लड़की ने लिखा था कि पापा मिस यू। मगर युवती की मां ने इस पूरे मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि मुझे भरोसा नहीं है। जरूर उसके साथ कुछ गलत हुआ है। मामला अर्जुंदा थाना क्षेत्र है।

मोहदीपाट गब्दी स्थित धाक एंड धाक फैक्ट्री में युवती का शव एक जनवरी की रात को फंदे पर लटका हुआ मिला था। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं अगले दिन सोमवार को उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। इस फैक्ट्री में लोहा बनाने का काम किया जाता है।

बताया गया कि 21 वर्षीय युवती BSC की छात्रा थी। वो फैक्ट्री में अपने भाई के साथ रहती थी। उसकी मां भी इसी फैक्ट्री में काम करती थी। मगर एक साल पहले उसके साथ रेप हुआ था। रेप का आरोप फैक्ट्री मालिक विजय धाक पर ही लगा था। इसके चलते विजय धाक को जेल भी जाना पड़ा। साथ ही उसकी पत्नी नंदनी धाक भी जेल गई थी। नंदनी पर महिला को धमकाने का आरोप था।

कहा गया है कि कुछ समय पहले ही दोनों जेल से छुटे हैं।रेप की घटना के बाद से रेप पीड़िता महिला कहीं और रहने लगी थी। उसका पति पहले ही उसे छोड़कर जा चुका था। लेकिन उसने अपने दोनों बच्चों को फैक्ट्री में ही छोड़ दिया था। इस बीच यह घटना घट गई है।