Monday, March 16, 2026

WHO on Monkeypox: 30 देशों में फैला मंकीपाक्स, सांस की बूंदों से भी फैल सकता है यह वायरस, डब्ल्यूएचओ ने किया आगाह

जेनेवा/वाशिंगटन,दुनिया में मंकीपाक्‍स का प्रसार जारी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation, WHO) ने कहा कि 27 देशों से मंकीपाक्स के 780 पुष्ट मामलों की सूचना मिली है जो वायरस के लिए स्थानिक (Endemic) नहीं हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक यह वायरस अब तक दुनिया के 30 देशों में मंकीपाक्स फैल चुका है। वहीं अमेरिका के रोग नियंत्रण केंद्र (Centers for Disease Control, CDC) का कहना है कि मंकीपाक्स ने दुनिया भर में 700 से अधिक लोगों को संक्रमित किया है, जिसमें अमेरिका के 21 लोग भी शामिल हैं।

हालांकि सीडीसी के जेनिफर मैकक्विस्टन (Jennifer McQuiston) के अनुसार, जनता के लिए समग्र स्वास्थ्य जोखिम अभी कम है। हालांकि जेनिफर मैकक्विस्टन ने सामुदायिक प्रसार की आशंका से इनकार नहीं किया। उन्‍होंने कहा कि हो सकता है कि सामुदायिक स्तर का प्रसारण हो रहा हो। इसलिए हम निगरानी प्रयासों को बढ़ाना चाहते हैं।

इस बीच, समाचार एजेंसी आइएएनएस ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि 30 देशों में 550 से अधिक मंकीपाक्स संक्रमणों की पहचान की गई है, जिनमें से अधिकांश मामले यूरोप में दर्ज किए गए हैं। वैश्विक स्वास्थ्य निकाय यानी WHO ने कहा कि अब तक अधिकांश रिपोर्ट किए गए मामले यौन स्वास्थ्य या अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से रिपोर्ट किए गए हैं। WHO का यह भी कहना है कि मंकीपाक्‍स कोई लैगिक संक्रामक बीमारी नहीं है।