कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने कोरबा जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (आईपीएस) ने पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया तथा परेड निरीक्षण की कार्यवाही का नेतृत्व किया।
पुलिस लाइन कोरबा स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित परेड में पाँच टोलियों में अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सभी का टर्नआउट उत्कृष्ट रहा, वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले 15 से 17 अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत एवं प्रशंसा दी गई।
परेड निरीक्षण के बाद पुलिस सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं आईजी के समक्ष रखीं। समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। इसके बाद आईजी ने पुलिस लाइन में बलवा ड्रिल सामग्री, एमटी शाखा, आर्म्स शाखा एवं कैंटीन का निरीक्षण किया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभागार में आयोजित क्राइम मीटिंग में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अपराध नियंत्रण, गंभीर मामलों की सतत मॉनिटरिंग, “अनुभव QR कोड” के माध्यम से फीडबैक, दोपहिया वाहन चोरी की रिकवरी हेतु सशक्त ऐप के उपयोग, ऑपरेशन तलाश के तहत गुम इंसानों की दस्तयाबी सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।









