धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच ग्राम चर्रा में एक बीमार युवक को ग्रामीणों ने खटिया पर लिटाकर कमर तक भरे पानी के बीच नाला पार कराया और अस्पताल पहुंचाया। घटना ने एक बार फिर बारिश के दिनों में ग्रामीण इलाकों की बदहाल कनेक्टिविटी और पुलिया की जरूरत को सामने ला दिया है।
उल्टी-दस्त से बिगड़ी युवक की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम चर्रा निवासी गोपेश कुमार पटेल की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। वह उल्टी-दस्त से परेशान था और हालत बिगड़ने पर उसे इलाज की जरूरत थी।
लेकिन लगातार बारिश के कारण डुमर नाले में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। नाले में कमर तक पानी भर जाने के कारण रात के समय गोपेश को अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो सका।
सुबह पानी का स्तर कुछ कम होने के बाद ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया।
सरपंच समेत ग्रामीणों ने उठाई खटिया
गोपेश को खटिया पर लिटाया गया। इसके बाद ग्राम पंचायत लटियारा के सरपंच रुपेश कुमार ध्रुव समेत ग्रामीणों ने खटिया को कंधे पर उठाया और पानी से भरे डुमर नाले को पार कराया।
इस दौरान दीपक मंडावी, चंदर लाल पटेल, लछमन ध्रुव, राजेंद्र मरकाम, यशवंत मरकाम और बीरबल नेताम ने भी मदद की। सभी ने मिलकर मरीज को सुरक्षित तरीके से नाला पार कराया और शुरुआती इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बारिश में हर साल बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में डुमर नाला उफान पर आ जाता है। पानी बढ़ने के बाद ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो जाता है और बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी बड़ी चुनौती बन जाता है।
इस बार भी तेज बारिश के कारण गोपेश को रात में अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। सुबह पानी कम होने पर ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
डुमर नाले पर पुलिया बनाने की मांग
फिलहाल गोपेश कुमार पटेल की हालत ठीक बताई जा रही है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से ग्राम चर्रा के डुमर नाले पर जल्द पुलिया निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया बनने से बारिश के दिनों में नाला पार करने की समस्या खत्म होगी और मरीजों, बच्चों तथा ग्रामीणों को आपात स्थिति में अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।










