Tuesday, November 10, 2026

कोरबा के चर्च में घुसकर हंगामा, महिलाओं से विवाद और युवक से मारपीट का आरोप; मसीही समुदाय ने किया चक्काजाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार दोपहर चर्च में हंगामे के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों पर चर्च में घुसकर महिलाओं से विवाद करने और एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। मामला रजगामार चौकी क्षेत्र का है।

चर्च में घुसकर महिलाओं से विवाद, युवक से मारपीट का आरोप

जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर कुछ लोग चर्च के अंदर पहुंच गए और वहां मौजूद महिलाओं से विवाद करने लगे। इस दौरान विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना की खबर फैलते ही मसीही समुदाय के लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए।

धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर दोनों पक्षों में विवाद

वहीं, हिंदू संगठन से जुड़े लोगों का आरोप है कि चर्च में धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। उनका कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की गतिविधियों का विरोध किया गया था, लेकिन इसके बावजूद मामला सामने आ रहा है। धर्म परिवर्तन के आरोप और चर्च में हुए विवाद के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर किया चक्काजाम

घटना से नाराज मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। काफी देर तक जाम रहने के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और शिकायत के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

पहले भी धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर हुआ था विवाद

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी रजगामार क्षेत्र में धर्म परिवर्तन के आरोप को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान भी पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई की थी। इसके बावजूद एक बार फिर इसी तरह का विवाद सामने आने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है।

CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने क्या कहा?

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लोगों को समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त करा दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।