Wednesday, October 21, 2026

कोरबा में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण, प्रशासन की कड़ी निगरानी में हुई कार्रवाई

कोरबा, 08 मई 2025। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला कोरबा में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए, एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक सामग्री का विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में बालको पावर प्लांट, थाना बालको के भट्ठी (Furnace) में जलाकर और रोलर से दबाकर संपन्न हुई।

इस कार्यवाही की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने की। उनके साथ समिति के सदस्य – अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह और क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी कोरबा – भी मौजूद रहे।

नष्टीकरण के दौरान जिले के 9 थाना क्षेत्रों से जब्त कुल 13.424 किलोग्राम गांजा, 692 नग नशीली टेबलेट, 1032 नग नशीले कैप्सूल, 75 नग गांजा पौधे सहित अन्य मादक सामग्री को नष्ट किया गया। इनमें से कुछ प्रकरण अभी न्यायालय में लंबित हैं, जबकि अन्य मामलों में दोष सिद्धि अथवा दोषमुक्ति का निर्णय प्राप्त हो चुका है।