Sunday, July 26, 2026

कोरबा में जल संरक्षण की गूंज देशभर में, ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने की सराहना

कोरबा। जल संरक्षण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की अभिनव पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 136वें एपिसोड में कोरबा नगर पालिक निगम के ‘कैच द रेन’ अभियान का उल्लेख करते हुए इसे जल संवर्धन की प्रभावी और प्रेरणादायक पहल बताया।

 

प्रधानमंत्री ने कोरबा में बनाए गए 1,728 रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट और रिचार्ज वेल मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास देशभर में जल संरक्षण के लिए मिसाल बन सकते हैं। प्रधानमंत्री की इस प्रशंसा के बाद जिला प्रशासन, नगर निगम और जिलेवासियों में उत्साह और गर्व का माहौल है।

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में कोरबा में जल संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का रूप दिया गया है। अभियान के तहत वर्षा जल के अधिकतम संचयन और भूजल स्तर बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं।

 

एसएएम-2.0 अभियान के अंतर्गत शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर इसरो के विशेषज्ञों की तकनीकी सलाह से इंजेक्ट वेल तकनीक पर आधारित रिचार्ज वेल विकसित किए गए हैं। इन आधुनिक संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल को सीधे भूजल स्तर तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे जल संकट से निपटने में मदद मिल रही है।

 

प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से कोरबा के प्रयासों का उल्लेख किए जाने को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह सम्मान पूरे जिले की सामूहिक भागीदारी और जल संरक्षण के प्रति लोगों की जागरूकता का परिणाम है। साथ ही भविष्य में भी जल संरक्षण के लिए ऐसे नवाचारों और जनसहभागिता आधारित अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।