कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उरगा-हाटी मुख्य मार्ग पर हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान राहुल टोप्पो और पोलेश कंवर के रूप में हुई है। दोनों चचिया दर्रीपार के निवासी बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों किसी काम से हाटी की ओर गए थे, तभी कुदमुरा-कोसाबाड़ी के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। करतला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।











