Tuesday, May 26, 2026

कोरबा: “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान में 119 भारी वाहनों पर कार्रवाई

कोरबा। सड़क सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रेडियम पट्टी नहीं लगाने वाले भारी वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाते हुए कुल 119 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, पूर्व में ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों की बैठक लेकर उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके कई वाहन संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई की गई।

दर्री अनुभाग के NTPC, कुसमुंडा, दीपका, बाकीमोगरा सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और कोरबा अनुभाग के बालको व उरगा क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्री अनुभाग में 47 और कोरबा अनुभाग में 72 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अनिवार्य रूप से रेडियम पट्टी लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।