
मेडिकल काॅलेज संबद्ध अस्पताल के लिए अधिग्रहित हुए ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग में जल्द ही 100 बेड का मेडिसिन वार्ड शुरू हाे जाएगा। साथ ही एक्स-रे की सुविधा भी मिलने लगेगी। इसके लिए तैयारी चल रही है। दरअसल मेडिकल काॅलेज प्रबंधन द्वारा जिला अस्पताल के पुराने वार्ड में चल रहे मेडिसिन वार्ड काे ट्रामा सेंटर में शिफ्ट किया जा रहा है।
जहां मेडिसिन डिपार्टमेंट से जुड़े डाॅक्टर बैठेंगे और मेडिसिन के मरीजाें काे भर्ती किया जाएगा। दूसरी ओर जिला अस्पताल के वार्ड के खाली हाेने पर उसे सर्जिकल वार्ड के रूप में विस्तार किया जाएगा। अभी सर्जिकल वार्ड अस्पताल के ऊपरी तल पर संचालित है। अतिरिक्त वार्ड मिलने से सर्जिकल वार्ड में बेड क्षमता 100 से अधिक हाे जाएगी। जहां सर्जरी से जुड़े केस के मरीजाें का इलाज हाेगा।
डिजीटल एक्स-रे मशीन भी लगेगी
मेडिकल काॅलेज संबद्ध अस्पताल हाेने के साथ ही जिला अस्पताल में जरूरी उपकरण मिलने लगे हैं। इसके तहत डिजीटल एक्स-रे मशीन भी मिला है। जिसे ट्रामा सेंटर में इंस्टाॅल किया जाएगा। जहां मेडिसिन के भर्ती मरीजाें का एक्स-रे हाे सकेगा। वहीं जिला अस्पताल के जरूरी केस में भी वहां एक्स-रे हाे सकेगा।
अभी 82 बेड का है मेडिसिन वार्ड
जिला अस्पताल में चल रहे मेडिसिन वार्ड की क्षमता 82 बेड की है। ट्रामा सेंटर में शिफ्ट हाेते ही मेडिसिन वार्ड की क्षमता 100 बेड की हाे जाएगी। मेडिसिन वार्ड में बीपी, शुगर, मनाेराेग, अवसाद, टीबी, चेस्ट, श्वांस समेत अन्य मेडिसिन केस के मरीजाें का उपचार हाेता है।











