
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) जम्मू-कश्मीर में राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास तैनात जवानों के साथ दीवाली मनाने पहुंचे. पीएम मोदी ने यहां कहा कि हर दीवाली जवानों के साथ मनाई है. मैं आपके लिए देश का आशीर्वाद लाया हूं. आपके भरोसे जनता चैन की सांस सोती है. नौशेरा कश्मीर और श्रीनगर का पहरेदार है. आप मां भारती के सुरक्षा कवच हैं. नौशेरा का इतिहास सेना की वीरता का जयघोष करता है. नौशेरा में हर युद्ध का, हर षड्यंत्र का जवाब सेना ने वीरता से दिया है. नौशेरा के जवानों के शोर्य के सामने सारी साजिशें धरी की धरी रह गई. भारतीय सेना की ताकत क्या होती है इसका अहसास दुश्मन को शुरुआती दिनों में ही मिल गया था. सर्जिकल स्ट्राइक में यहां की ब्रिगेड ने जो भूमिका निभाई उससे देश का हर वासी गौरव से भर उठता है. उस समय मैं हर पल फोन की घंटी पर नजर टिकाए बैठा था. हमारे जवान पहुंचे या नहीं. हमारे जवान बिना नुकसान के मिशन पूरा करके आया. सर्जिकल स्ट्राइक के बाद भी साजिशें होती रहीं, लेकिन सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया.











