Thursday, September 24, 2026

फरीदाबाद में खेलते समय मेनहोल में गिरा मासूम:बाइक सवार ने रोने की आवाज सुनकर बचाई जान, देखें पूरा VIDEO

हरियाणा के फरीदाबाद शहर से दिलदहला देने वाला वीडियो सामने आया है। NIT एरिया की एक गली में खेलते-खेलते 3 साल का मासूम बच्चा खुले मेनहोल में गिर गया। करीब एक मिनट तक बच्चा मेनहोल में पड़ा चीखता रहा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर वहा से गुजर रहे एक बाइक सवार ने उसकी जिंदगी बचाई।

फरीदाबाद के NIT-5 ब्लॉक C की गली का एक VIDEO वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि 3 साल का बच्चा खेलते-खेलते एक घर के दरवाजे के सामने सड़क पर खुले पड़े मेनहोल में जा गिरा। गिरने के बाद बच्चा काफी देर चीखता रहा। दोपहर का वक्त और गर्मी के सीजन की वजह से गली में चहल-पहल भी नहीं दिखाई दी।

करीब एक मिनट तक बच्चा गटर में पड़ा रोता रहा। उसी समय गली से बाइक गुजरी। बाइक चालक खुले मेनहोल से बचकर निकला। तभी उसे मैनहोल से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। कुछ कदम आगे बाइक रोककर चालक तेजी से गटर के पास पहुंचा और फिर उसने बच्चे को तुरंत बाहर निकाला। इस बीच आसपास के एक-दो और भी लोग वहां पहुंच जाते हैं। बच्चे को सकुशल बाहर निकाल कर परिजनों को सौंप दिया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।