कोरबा। नगर निगम की महापौर संजू देवी राजपूत ने पंचवटी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कोरबा विधायक एवं मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में शहर में विकास कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि नई सरकार के 16 माह के कार्यकाल में 76 विकास कार्य पूरे, 149 कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 209 नए विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।
महापौर ने बताया कि कोसाबाड़ी से घंटाघर और सीएसईबी चौक होते हुए सुनालिया रोड तक 22 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण का कार्य बारिश के बाद शुरू होगा। वहीं स्वच्छता सर्वेक्षण में कोरबा को देश में 8वां स्थान मिला है। शहर में 80 ई-रिक्शा, दो मोबाइल टॉयलेट, 55 हजार डस्टबिन वितरण, 16 SLRM सेंटरों के उन्नयन और गीले कचरे से बायोगैस बनाने की परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि हसदेव नदी संरक्षण के लिए 165 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी, 32 करोड़ रुपये का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, भू-जल संरक्षण के लिए रिचार्ज सिस्टम तथा केंद्र सरकार की योजना के तहत 40 ई-बसों की मंजूरी भी शहर को मिल चुकी है। इसके अलावा कोरबा में पहली बार राइफल शूटिंग एकेडमी की स्थापना सहित खेल और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।










