नई दिल्ली: यूक्रेन और रूस के बीच का युद्ध अब बेहद खतरनाक हो चुका है. ऐसे में ज्यादातर देशों यही उम्मीद लगा रहे हैं कि दोनों देशों के बीच का संघर्ष जल्द खत्म हो जाए. ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि ‘क्वाड’ के सदस्य देशों ने यूक्रेन में रूस के हमलों पर भारत के रुख को स्वीकार किया है. साथ ही, इस युद्धग्रस्त देश में संघर्ष को खत्म करने की अपील करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने संपर्कों का उपयोग करने से कोई भी देश नाखुश नहीं होगा.
भारत में नियुक्त ऑस्ट्रेलियाई उच्चायुक्त बैरी ओ फारेल ने संवाददाताओं से कहा, ‘क्वाड देशों ने भारत के रुख को स्वीकारा है. उन्होंने कहा कि हम समझते हैं कि हर देश के अपने द्विपक्षीय संबंध हैं और यह विदेश मंत्रालय तथा प्रधानमंत्री मोदी की खुद की इन टिप्पणियों से स्पष्ट है कि उन्होंने यूक्रेन संकट को खत्म करने की अपील करने के लिए अपने संपर्कों का उपयोग किया है. और यकीनन कोई भी देश इससे नाखुश नहीं होगा.’







