Monday, May 18, 2026

रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, पति ने पत्नी को दी दर्दनाक मौत

सरगुजा.छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में निर्भया कांड जैसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पति ने ही अपनी गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसकी हत्या कर दी थी और घटना के बाद फरार हो गया था।

जानकारी के मुताबिक, मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के भीट्टीकला लेमर घाट इलाके का है। आरोपी प्रदीप अगरिया ने दो दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की थी। गंभीर हालत में महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में छोड़कर वह मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

डॉक्टरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। महिला के शरीर पर 18 से अधिक चोट के निशान मिले। वहीं उसके प्राइवेट पार्ट से करीब 10 सेंटीमीटर लंबा लोहे का रॉड बरामद किया गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि महिला तीन महीने की गर्भवती थी, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मणिपुर पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी प्रदीप अगरिया को खैरबार गंझा डांड डेम के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।