सरगुजा। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने महिला के पति पर करंट लगाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
करंट से हत्या का आरोप, हाथों में मिले जलने के निशान
घटना लैंगा गांव की है, जहां महिला का शव घर में संदिग्ध हालत में मिला। परिजनों का कहना है कि महिला के हाथों में दो जगह जलने के निशान पाए गए हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि उसे बिजली का करंट देकर मारा गया है।
बच्चे नहीं होने पर करता था प्रताड़ित
मृतका के भाई और परिवारजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। वर्ष 2020 में हुई शादी के दो साल बाद भी संतान नहीं होने पर पति उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करता था।
दूसरी महिला से संबंध का भी आरोप
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पति का किसी अन्य महिला से संबंध था। वह सोशल मीडिया पर दूसरी लड़की की तस्वीरें साझा करता था, जिससे दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था।
समाज में हुई थी पंचायत, फिर भी नहीं सुधरा पति
मामले को लेकर दो बार समाज की बैठक भी बुलाई गई थी, जिसमें पति को समझाइश दी गई थी कि वह पत्नी के साथ अच्छा व्यवहार करे। लेकिन परिजनों का कहना है कि इसके बावजूद उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया।
“जान से मार दूंगा” – पहले भी दी थी धमकी
परिवार वालों ने दावा किया है कि आरोपी पति ने पहले ही समाज की बैठक में अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। ऐसे में इस घटना ने उनके आरोपों को और गंभीर बना दिया है।








