Sunday, September 6, 2026

सांसद ज्योत्सना महंत ने रेल मंत्री से की मांग, शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस को मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाने का आग्रह

कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में यह ट्रेन शहडोल रेलवे स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है। इस समय का उपयोग करते हुए ट्रेन का संचालन मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है, जिससे रेल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

ज्योत्सना महंत ने कहा कि मनेंद्रगढ़ और एमसीबी जिले के लोग लंबे समय से इस ट्रेन के विस्तार की मांग कर रहे हैं। ट्रेन के मनेंद्रगढ़ तक संचालित होने से यात्रियों को नागपुर और मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी तथा व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवागमन भी सुगम होगा।