Wednesday, July 1, 2026

हैंडपंप चलाने पर निकली शराब:जमीन में 7 फीट नीचे गाड़े कई टैंक…

मध्यप्रदेश के गुना में हैंडपंप चलाने पर पानी नहीं शराब निकली है। शराब का अवैध कारोबार करने वालों का यह कारनामा सोमवार को सामने आया जब पुलिस ने गुना के दो गांवों में छापे मारे। जैसे ही पुलिस ने मौके पर मिले हैंडपंप को चलाया, उससे शराब निकलने लगी। जब उसके नीचे खुदाई की गई तो अवैध शराब से भरी टंकियां मिली हैं। ये टंकियां जमीन में करीब 7 फीट अंदर थीं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में शराब नष्ट की है।

ये हैं गुना के चांचौड़ा और राघौगढ़ के 2 गांव। यहां की जमीन कच्ची शराब उगलती है। दरअसल, अवैध शराब बनाने वालों ने यहां 7 फीट गहरे गड्‌ढों में टंकियां गाड़ रखी हैं। इसके ऊपर हैंडपंप लगा दिए हैं। इन्हीं से शराब निकालते हैं। इससे निकाली गई शराब पॉलीबैग में भरकर बेचते हैं।

 

पुलिस ने सोमवार को अवैध शराब के 2 ठिकानों पर छापा मारा। इस दौरान हजारों लीटर कच्ची शराब जब्त भी की गई। हालांकि, आरोपी भाग निकले। पुलिस ने 8 आरोपियों की पहचान कर ली है। 2 थानों में 8 केस दर्ज किए गए हैं।

चांचौड़ा इलाके का भानपुरा गांव। यहां अधिकतर कंजर समुदाय के लोग रहते हैं। गांव का लगभग हर परिवार कच्ची शराब बनाने का काम करता है। इन्होंने जगह-जगह कच्ची शराब की भटि्टयां लगा रखी हैं। इसी तरह राघौगढ़ इलाके का साकोन्या गांव। यहां भी बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बनाई जाती है।

 

ये दोनों गांव जंगली इलाके में हैं, इसलिए यह जगह कच्ची शराब बनाने के लिए मुख्य केंद्र बने हुए हैं। जंगल होने का फायदा पुलिस की दबिश के दौरान भी मिलता है। आरोपी फायदा उठाकर घने जंगलों में भाग जाते हैं।