Thursday, September 17, 2026

कोहडिय़ा बायीं तट नहर में मिला मिर्गी पीडि़त का शव, चार दिन से था लापता

knn24news/ कोरबा। कोहडिय़ा चारपारा क्षेत्र में लोग उस समय सख्ते में आ गए जब उन्होंने एक शव बायीं तट नहर में देखा। मौके पर भीड़ लगी। सूचना मिलने पर सीएसईबी पुलिस यहां पहुंची। कुछ ही देर में शव की पहचान कर ली गई। खबर है कि इस बारे में मृतक के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्री पुलिस थाना में दर्ज करायी थी।

28 वर्षीय राजेश कुमार चंद्रा का शव जल संसाधन विभाग की बांयी तट नहर कोहडिय़ा में आज पाया गया। निस्तार के लिए स्थानीय लोग नहर का उपयोग करते हैं। इन्हीं में से कुछ लोगों ने शव को नहर में देखा। आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी गई। स्थानीय पार्षद को भी अवगत कराया गया। लोगों ने अपने स्तर पर इसे पहचानना चाहा लेकिन नाकाम रहे। फौरी तौर पर सीएसईबी पुलिस चौकी को शव मिलने की सूचना दिए जाने पर डायल 112 की टीम यहां पहुंची। मृतक की फोटो आसपास के थाना क्षेत्र में दी गई। कुछ ही देर बाद इस बारे में जानकारी मिली कि मृतक दर्री क्षेत्र का निवासी था। अमर नगर क्षेत्र से उसका वास्ता था। दर्री पुलिस थाना में परिजनों ने शिकायत दर्ज करायी थी कि वह 2 फरवरी से लापता है। उक्तानुसार आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश हो रही थी। इस समय तक कोई खास जानकारी नहीं लग सकी। इस बीच आज उक्त युवक मृत स्थिति में मिला। पुलिस के अनुसार मृतक को मिर्गी की शिकायत थी और काफी समय से उसका उपचार चल रहा था।