Saturday, July 18, 2026

डोंगरगढ़ के पैदल दर्शनार्थियों के लिए रूट तय:चैत्र नवरात्रि में पैदल दर्शनार्थी खुर्सीपार तिराहा से मुड़कर ठगड़ा बांधा ओवरब्रिज होते हुए महाराजा चौक से जाएंगे

2 अप्रैल से शुरू हो रही चैत्र नवरात्रि को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन ने तैयारी कर ली है। हर बार की तरह इस बार भी डोंगरगढ़ जाने वाले पैदल दर्शनार्थियों के लिए रूट तय किया गया है। डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्री इस बार वे खुर्सीपार तिराहा से रेलवे फाटक होते हुए मुर्गा चौक से सेन्ट्रल एवेन्यू होते हुए सेक्टर 9 चौक से ठगड़ाबांध ओवर ब्रिज होते हुए जेल तिराहा से महाराजा चौक से पुलगांव चौक पहुंचेंगे। इसके बाद शिवनाथ नदी ब्रिज को पार कर अंजोरा बायपास होते हुए डोंगरगढ़ के लिए जाएंगे।

हर साल कुम्हारी, चरोदा, भिलाई-3, खुर्सीपार, सुपेला, सेक्टर एरिया, दुर्ग से निकलकर पुलगांव, अंजोरा होते हुए राजनांदगांव की ओर जाते थे। इस बार जीई रोड में फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते पदयात्रा मार्ग को परिवर्तित किया गया है। दर्शनार्थियों के सुगम एवं सुरक्षित मार्ग व्यवस्था को लेकर पुलिस नियंत्रण कक्ष में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में लगभग सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि पैदल दर्शनार्थी हर साल पावर हाउस चौक से सुपेला की ओर जाते थे।

नवरात्रि के दौरान सुगम एवं सुरक्षित पदयात्रा में किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए अलग-अलग विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें नगर निगम भिलाई, दुर्ग, चरोदा नगर पालिका परिषद कुम्हारी एवं जनपद पंचायत दुर्ग को ग्राम पंचायत महमरा व अंजोरा में पदयात्री मार्ग में समुचित लाइटिंग, सहायता केन्द्र हेतु टेंट ‘‘पदयात्री बांये चले’’ लिखा हुआ फ्लैक्स व अतिक्रमण हटाने हेतु निर्देश दिये गये।

लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस बल्ली से पदयात्री के लिये सुरक्षित लेन जिसमें चूना से पुताई किया गया हुआ, रिफ्लेक्टिव टेप व रिबन बंधा होना चाहिए तथा अस्थाई स्पीड ब्रेकर बनाने के लिए भी निर्देशित किया गया। विद्युत विभाग को 2 से 9 अप्रैल तक पदयात्री मार्ग पर विद्युत व्यवस्था करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस बार भिलाई इस्पात संयंत्र को मार्ग मे समुचित लाइटिंग एवं सहायता केन्द्र हेतु टेंट लगाने के निर्देश दिए गए हैं।