Monday, May 4, 2026

प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो और बस की टक्कर में कोरबा के 10 की मौत, 19 घायल

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और बस की आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में रात करीब ढाई बजे हुआ।

छत्तीसगढ़ से संगम स्नान के लिए आ रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से महाकुंभ में संगम स्नान के लिए आ रहे थे। हादसे में बोलेरो सवार सभी लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार यात्री घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बस प्रयागराज से मध्य प्रदेश की ओर जा रही थी।

भीषण टक्कर में उड़े बोलेरो के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद श्रद्धालु सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े। किसी का सिर फट गया तो किसी का हाथ टूट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए, जिन्हें निकालने में बचाव दल को करीब ढाई घंटे का समय लगा।