Tuesday, July 14, 2026

कोरोना के ताजा मामले बढ़ने के बाद शंघाई में लगाया गया लाकडाउन, जानें क्‍या है अन्‍य देशों का हाल

शंघाई  चीन के फाइनेंशियल हब कहे जाने वाले शहर शंघाई में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने के बाद लाकडाउन लगा दिया गया है। इस शहर में लाकडाउन के चलते करीब ढाई करोड़ से अधिक लोग घरों में बंद हो गए हैं। इस लाकडाउन के बाद शहर की सड़के और बाजार पूरी तरह से सूनसान हो गए हैं। यहां पर एक बार फिर से वही माहौल देखा जा रहा है जो कोरोना महामारी के पहले वर्ष में था। कोरोना महामारी के दौरान शहर के लिए उठाया गया ये सबसे बड़ा कदम है। हांगपू नदी से लगते शहर में नौ दिनों का लाकडाउन लगाया है। इससे पहले सरकार यहां पर लाकडाउन लगाने को मना कर रही थी।

बता दें कि कोरोना महामारी की शुरुआत वर्ष 2019 के अंत में चीन से ही हुई थी। हालांकि चीन ने दावा किया था कि उसने इस महामारी पर काबू पा लिया है, लेकिन इस वर्ष से लगातार चीन के विभिन्‍न शहरों में कोरोना के मामलोंं में तेजी दर्ज की गई है। शंघाई में लगातार बढ़ते मामलों के बाद चीन ने एक बार फिर से बड़े पैमाने पर कोरोना की टेस्टिंग शुरू कर दी है। इस लाकडाउन के दौरान आवश्यक वस्‍तुओं की सेवा छोड़कर अन्‍य सभी को बंद किया गया है। सार्वजनिक परिवहन को भी बंद कर दिया गया है। शंघाई का प्रमुख डिज्नी थीम पार्क भी बंद किया जा चुका है।

बता दें कि इस माह में ही चीन में 56 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं इनमें चीन के उत्‍तर पूर्वी जिलिन में सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। चीन का कहना है कि वो जीरो कोविड पालिसी पर अमल करता है। इसलिए ही वो इसकी रोकथाम के लिए कड़े कदम भी उठा रहा है। नियमों के उल्‍लंंघन पर यहां सजा तक का प्रावधान है। आपको बता दें कि चीन में करीब 144,515 कोरोना के मामले हैं। यहां पर इसकी चपेट में आकर करीब साढ़े चार हजार से अधिक मरीजों की जान अब तक जा चुकी है। बीते 24 घंटे के दौरान चीन में 1219 मामले सामने आए हैं। इनमें जिलिन में 1086 और शंघाई में 50, लियोनिंग में 12 और हिलोंगजियांग में 10 मामले सामने आए हैं।