Saturday, July 18, 2026

पाकिस्तान में सियासी घमासान :इमरान ने अविश्वास प्रस्ताव वापस लेने के बदले संसद भंग करने का ऑफर दिया, विपक्ष बोला- अब पीछे नहीं हटेंगे

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में थोड़ी देर में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इमरान खान ने विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव वापस लेने के बदले नेशनल असेंबली को भंग करने की पेशकश की है। हालांकि विपक्ष ने इस ऑफर को ठुकराते हुए कहा है कि अब पीछे नहीं हटेंगे।

दूसरी तरफ, पाकिस्तानी सेना भी सरकार और विपक्ष के बीच समझौता करने में जुटी है। अविश्वास प्रस्ताव पर बहस से पहले इमरान की नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (NSC) के साथ मीटिंग भी जारी है।

अविश्वास प्रस्ताव पर आज होगी बहस
पाकिस्तान में चल रहे सियासी घमासान के बीच आज नेशनल असेंबली में इमरान सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस होगी। इसके बाद 3 अप्रैल को वोटिंग के दौरान स्थिति साफ होगी कि पाकिस्तान में इमरान PM की पिच पर बने रहेंगे या आउट हो जाएंगे।

पाकिस्तान सियासत के ताजा अपडेट्स…

  • अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट ने उनके सीक्रेट लेटर वाले दावे को झूठा बताते हुए कहा कि पाकिस्तान में चल रहे अविश्वास प्रस्ताव के मामले में उनका कोई हाथ नहीं है।
  • मंत्री फवाद चौधरी का कहना है कि इमरान आखिरी बॉल तक खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वो इस्तीफा नहीं देंगे।
  • चीन ने साफ किया है कि अगर पाकिस्तान में सरकार को अस्थिर करने के पीछे अमेरिका का हाथ है तो वो पाकिस्तान के साथ खड़ा रहेगा।
  • मंगलवार को PTI सांसदों को लिखे एक लेटर में इमरान ने कहा- नेशनल असेंबली के सभी सदस्य वोटिंग से दूर रहेंगे या वोटिंग के दिन असेंबली की बैठक में शामिल नहीं होंगे।
  • सोमवार को विपक्षी गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक फ्रंट (PDM) ने पूर्व PM नवाज शरीफ के भाई शाहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था।

सीक्रेट लेटर सार्वजनिक करने पर हाई कोर्ट की रोक
इमरान के सीक्रेट लेटर पर चल रहे विवाद के बीच बुधवार को इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने चिट्ठी को सार्वजनिक करने पर रोक लगा दी। हालांकि, इस फैसले के पहले ही इमरान ये लेटर देश के चुनिंदा पत्रकारों और पार्टी के लोगों के साथ साझा कर चुके हैं। इससे पहले PM खान ने कहा था कि विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ये चिट्ठी संसद में पेश करेंगे।

विपक्षी दलों ने बुधवार को इस्लामाबाद के सिंध हाउस में मीटिंग कर रणनीति बनाई। खास बात ये थी कि मीटिंग में इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के सभी असंतुष्ट सांसदों समेत 196 मेंबर मौजूद थे। PTI के सांसद आमिर लियाकत हुसैन समेत 3 और सांसद भी विपक्ष के साथ खड़े नजर आए।

उधर, PTI के नेता फैसल वावडा ने कहा है कि पीएम इमरान खान की जान को खतरा है। उन्होंने इमरान को बुलेट प्रूफ शील्ड इस्तेमाल करने की सलाह दी। फैसल ने कहा कि विपक्ष इमरान की हत्या की साजिश रच रहा है, लेकिन इमरान बहादुर हैं। वे देश को दांव पर नहीं लगाएंगे और ना ही किसी के आगे झुकने देंगे।