Saturday, May 9, 2026

पुणे में दर्दनाक मौत कैमरे में कैद:सड़क किनारे सो रहे शख्स पर चढ़ाई कार, मरता हुआ छोड़ आरोपी हुआ फरार

महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। शहर के पॉश मार्केट यार्ड इलाके में सड़क किनारे सो रहे एक शख्स पर एसयूवी चढ़ा दी गई। इस मामले का सबसे शर्मनाक पहलू यह है कि अपनी कार के दोनों पहियों से शख्स को कुचलने के बाद आरोपी बिना रुके मौके से फरार हो गया।

वारदात मार्केट यार्ड इलाके में मंगलवार को हुई है और पुलिस ने आज इस घटना का वीडियो जारी कर लोगों से कार की पहचान बताने को कहा है। मामले की जांच कर रहे सहायक पुलिस निरीक्षक एम.ए कांबले ने बताया कि कार के नंबर और मॉडल से हमें कार के मालिक का पता चल गया है और वह जल्द हमारी गिरफ्त में होगा। फिलहाल अज्ञात शख्स के खिलाफ आईपीसी की धारा 279, 304 (A) (लापरवाही से वाहन चलाने) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134 , 187 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ऐसे बेरहमी से सड़क किनारे लेटे शख्स को कार ने कुचला
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान नहीं हो सकी है। उसके पास कोई डॉक्युमेंट भी नहीं मिले हैं और न ही किसी ने उसके गायब होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जो वीडियो सामने आया है वह वारदात वाली जगह के ठीक सामने के एक किराना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे का है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स सड़क किनारे लेटा हुआ है। उसके बगल में एक डॉग बैठा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह नशे में धुत्त था। इतने में पहले से वहां खड़ी एक एसयूवी आगे बढ़ती है और ड्राइवर तेजी से गाड़ी बढ़ाते हुए उस शख्स पर गाड़ी चढ़ा देता है।

20 से ज्यादा कैमरों की तलाश के बाद हुई आरोपी की पहचान
पुलिस निरीक्षक एम.ए कांबले ने बताया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत मौके से फरार हो गया। गाड़ी के दोनों पहिए मृतक के सिर को कुचल गए थे, इसलिए उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद हमने आसपास लगे 20 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को तलाशा और कार का नंबर और मॉडल पता कर लिया है