कोरबा । बिलासपुर के संभागायुक्त डॉण् संजय अलंग ने आज कटघोरा पहुंचकर एसडीएम तथा तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू की मौजूदगी में डॉ.अलंग ने राजस्व संबंधी भू-प्रकरणों की जानकारी रीडर शाखा के लिपिक से ली। उन्होंने डायवर्सन अर्थदण्ड आदि प्रकरणों में बी 1, बी 2, बी 7 के साथ सी श्रेणी के रिकॉर्ड अगले तीन महीने में अद्यतन करने के निर्देश उपस्थित राजस्व अधिकारियों को दिए। डॉ.अलंग ने रिकॉर्ड अपडेशन के बाद वास्तविक राजस्व मांग और उपकर आदि का आंकलन करने को कहा। संभागायुक्त ने भूमि से संबंधित प्रकरणों में लैण्ड रिकॉर्ड भी नस्ती करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने नकल शाखा, सांख्य लिपिक शाखा, शिकायत शाखा, भू-बंटन शाखा, राजस्व अधीक्षक शाखा, भू-अर्जन शाखा, नजूल शाखा, स्थापना शाखा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने शाखाओं में मौजूद कर्मचारियों और प्रभारी अधिकारियों को अपनी-अपनी शाखा के सभी रिकॉर्ड अद्यतन और व्यवस्थित रखने के सख्त निर्देश दिए। डॉ. अलंग ने इन शाखाओं मे अपने काम से आने वाले लोगों से भी मित्रवत् अच्छा व्यवहार करने और उनकी हर संभव सहायता करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने और अपना काम पूरी निष्ठा से समय पर करने को कहा।









