Korba में व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सर्राफा व्यापारियों एवं गोल्ड लोन कंपनियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक Siddharth Tiwari के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें जिले के कई व्यापारी और वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे लगाने, दुकान के अंदर और बाहर स्पष्ट निगरानी सुनिश्चित करने तथा कम से कम 30 दिनों तक रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही दुकानों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, प्रशिक्षित एवं सत्यापित सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति तथा कैश और आभूषण परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। व्यापारियों को यह भी कहा गया कि कर्मचारियों का पूरा विवरण, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की प्रतिलिपि सुरक्षित रखें।
पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों को चेतावनी दी कि दुकान में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें। मास्क पहनकर आने वाले लोगों को पहचान सुनिश्चित किए बिना कीमती सामान न देने की हिदायत भी दी गई। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर देने की अपील की गई।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से जिले में आम नागरिकों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।









