Saturday, August 1, 2026

सर्व पिछड़ा वर्ग ने जाम किया नेशनल हाईवे:27% आरक्षण समेत कई मांगों को लेकर किया चक्काजाम, 3 घंटे तक रायपुर-जगदलपुर NH-30 रहा बंद

कांकेर जिले में पिछड़ा वर्ग समाज के लोग अब सड़कों पर उतर आए हैं। अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों ने शनिवार को एक बड़ा प्रदर्शन किया है। जिसमें हजारों की भीड़ शामिल हुई । इन्होंने रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम भी कर दिया, जिसकी वजह से ये रोड 3 घंटे तक जाम रहा। इसके अलावा लोगों ने अपनी मांगों को लेकर चारामा में एक बड़ी रैली भी निकाली है।

दरअसल, सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के लोगों ने शनिवार को जिले के चारामा में महासम्मेलन बुलाया था। समाज के लोगों ने यहां के दुकानदारों से अपील भी की थी वह चारामा में शनिवार को अपनी दुकानें बंद रखें। इसका असर भी देखने को मिला। शनिवार को सुबह के वक्त यहां की ज्यादातर दुकानें बंद रहीं। समाज ने तय किया था कि वह राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे। शाम को करीब 5.30 बजे ज्ञापन सौंपने के बाद लोगों का चक्काजाम खत्म हुआ है।