सीतापुर. पहाड़ी कोरवा आश्रम में अधीक्षक द्वारा उपस्थिति पंजी में बच्चों का फर्जी आंकड़ा दर्ज कर किस कदर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है इसका खुलासा एसडीएम के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान हुआ। विगत दिनों छापामारी अभियान के दौरान एसडीएम जब पहाड़ी कोरवा आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुँचे तो वहाँ का हालत देख दंग रह गये।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में 24 बच्चे दर्ज थे जबकि आश्रम में मात्र दस बच्चे ही मौजूद थे। इसके अलावा बच्चों हालत काफी दयनीय नजर आ रही थी उनके साफ सफाई का जरा भी ध्यान नहीं रखा गया था। आश्रम के चारों ओर गंदगी का आलम था। जाड़े के इस मौसम में गरम कपड़ा नहीं होने की वजह से बच्चे ठंड में ठिठुर रहे थे। आश्रम सहित छोटे-छोटे बच्चों की यह दशा देख एसडीएम बिफर उठे और उन्होंने इस हालत के लिए जिम्मेदार अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।








