Thursday, March 19, 2026

मुस्कुराते हुए बाहर निकले CM, कार्यकर्ताओं को देख कहा- अरे तूमन कहां आ गेव

छत्तीसगढ़ में चढ़े सियासी पारे के चलते कांग्रेस में शुक्रवार का दिन तनावग्रस्त बीता। हालांकि, अगले ही दिन छत्तीसगढ़ सदन की सुबह खुशनुमा हो गई। सदन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुस्कुराते हुए बाहर निकले। पाटन से दिल्ली पहुंचे कार्यकर्ताओं को देख हैरान भी हुए। कहा कि, ‘अरे तूमन कहां आ गेव’?। इसके बाद तीन मंत्रियों के साथ एक ही कार में बैठ हो रवाना हो गए। वहीं दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री के पिता ने कहा, यह भूपेश की जीत है।

प्रदेश के टल चुके सियासी संकट के बाद मुख्यमंत्री को अन्य नेताओं के साथ दिल्ली में ही यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल होना था। इससे पहले छत्तीसगढ़ सदन की लॉबी में मंत्री रविंद्र चौबे, मोहम्मद अकबर, शिव डहरिया पहुंचे। एक-दूसरे को नमस्कार करते हुए मुलाकात की। सभी के चेहरे पर आत्मविश्वास की मुस्कान नजर आई। इस बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी आ गए। कार्यकर्ताओं ने उनके पैर छुए और साथ में सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला रवाना होने के कुछ सेकेंड बाद ही उनके पिता नंद कुमार बघेल पहुंच गए। वे दिल्ली में कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने दैनिक भास्कर से मौजूदा सियासी समीकरणों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि जो हुआ, बहुत अच्छा हुआ। भूपेश बघेल की जीत हुई। इससे मुझे खुशी है। उन्होंने कहा कि से सियासी षड्यंत्र का प्रयास था, पर भूपेश जीत गए- ‘कांग्रेस की स्थिति जरा कमजोर है। इसे और मजबूत करने के बाद आने वाले विधानसभा चुनाव में अच्छे परिणाम देखने को मिल सकते हैं’।

नई दिल्ली के सफदरजंग इलाके में स्थित छत्तीसगढ़ सदन में विधायकों और मंत्रियों के ठहरने का इंतजाम किया गया था। पिछले कुछ दिनों में यह जगह दिल्ली में छत्तीसगढ़ की सियासत का मुख्य केंद्र बन गया था। लिहाजा मीडिया के लोगों का जमावड़ा भी था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का काफिला रवाना होने के दौरान उनसे बातचीत करने की होड़ में मीडियाकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। हालांकि जब तक मीडियाकर्मी अंदर आए, CM का काफिला रवाना हो गया।