
दुर्ग में कांग्रेस पार्षद सूरज बंछोर (39) की सोमवार देर रात पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। वो चरोदा नगर निगम में हथखोज वार्ड-2 से पार्षद थे। उनका शव लहूलुहान हालत में तालाब के किनारे मिला। परिजन उन्हें लेकर बीएम शाह अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके चेहरे और पीठ पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। हमलावरों ने धारदार हथियार और रॉड या डंडे से उनके ऊपर वार किया था। एक दिन पहले ही सूरज का जन्मदिन था।
जानकारी के मुताबिक, सूरज बंछोर रात करीब 9 बजे घर से निकले थे। इसके बाद सरकारी स्कूल के पीछे बंधवा तालाब के पास खून से लतपथ हालत में मिले थे। सूरज के दोस्तों का कहना है कि वहीं से किसी ने उनके भाई को इसकी सूचना दी। अभी तक हमलावरों और हमले का कारण सामने नहीं आ सका है। फिलहाल पुलिस इसके पीछे विवाद मान रही है।












