Monday, September 28, 2026

विहिप के छत्तीसगढ़ बंद के दौरान आगजनी, ब्लास्ट:जिस बिरनपुर में युवक की हत्या हुई थी वहां भीड़ ने मकान जलाया, IG बाल-बाल बचे

बेमेतरा. बेमेतरा में हिंसक घटना और एक युवक की हत्या के विरोध में आज छत्तीसगढ़ बंद किया गया है। बंद के दौरान जिस बिरनपुर गांव में घटना हुई थी, वहां उग्र हुई भीड़ ने एक मकान को आग लगा दी। इस दौरान मकान के भीतर ब्लास्ट हो गया। तोड़फोड़ करने पर उतारू भीड़ को संभालने के लिए दुर्ग रेंज के आईजी आनंद छाबड़ा सहित कई पुलिस अफसर-जवान यहां थे। इसी समय ब्लास्ट हुआ। फिलहाल किसी के घायल होने की जानकारी नहीं आई है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव साजा से निकलकर बिरनपुर के करीब पहुंचे हैं। यहां से गांव एक किलोमीटर ही दूर है। इस बीच वे बैरिकेड्स तोड़कर जवानों की घेराबंदी के बीच से निकलते नजर आए। बड़ी संख्या में उनके साथ भाजपाई मौजूद हैं।

बिरनपुर गांव में रोड पर स्थित इस झोपड़ीनुमा मकान में आगजनी की घटना के बाद ब्लास्ट हो गया।