कोरबा: कोरबा के हरदी बाजार क्षेत्र के ग्राम नेवसा में बिजली विभाग की मनमानी से ग्रामीण काफी परेशान है । ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में बिजली सप्लाई को लेकर विभाग उदासीन बना हुआ है। कभी लो वोल्टेज के कारण उपकरण काम नहीं करते, तो कभी अचानक हाई वोल्टेज के कारण एमसीबी ट्रीप हो जाती है।
बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार शिकायत के बाद भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। क्षेत्र में लाचार हो चुकी बिजली व्यवस्था के कारण रहवासी काफी परेशान है। एक महीने बाद बोर्ड परीक्षा भी आयोजित होने वाली है । ऐसे में परीक्षार्थियों को पढ़ने में भी काफी परेशानी हो रही है।
आने वाली समय में लोकसभा चुनाव संपन्न होने वाले हैं । छत्तीसगढ़ में नई-नई भाजपा की सरकार बनी है ऐसे में लोगों को उम्मीद थी कि उनकी बिजली संबंधी समस्याओं का निदान होगा लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है ग्रामीणों ने कहा है कि जो सरकार उनकी समस्या का समाधान करेगी उसे ही वे वोट देंगे ।
लोगों का कहना है कि ऊर्जाधानी का तमगा प्राप्त कोरबा के ग्रामीण अंचलों में बिजली का भगवान ही मालिक है। बार-बार शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी कुंभकरणीय निद्रा में सोए हुए हैं । ऐसे में विभाग को जगाने अगर आने वाले समय में ग्रामीण प्रदर्शन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होते नजर आ रहे हैं।











