रायपुर के महिला थाने में एक महिला ने जमकर हंगामा किया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो पुलिसकर्मियों के सामने ही अपने शौहर को गालियां और धमकी दे रही थी। पुलिस वाले उसे रोकते हैं, लेकिन वो नहीं मानी। महिला का आरोप है कि उसकी मां के साथ भी मारपीट हुई है।
अब कोतवाली थाने में आरोपी महिला यास्मीन फातिमा, उसकी मां और भाई के खिलाफ 2 FIR दर्ज हुई हैं। महिला TI वेदवती दरियो की बदसलूकी की शिकायत पर पहली FIR दर्ज हुई है। वहीं, दूसरी FIR महिला के शौहर ने कराई है।

पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा है। आसिफ अली ने अपनी बीवी यास्मीन फातिमा और उसके परिवार पर कई आरोप लगाए हैं। दोनों का निकाह अप्रैल 2023 में हुई थी। कुछ महीने बाद से ही उनके बीच अनबन शुरू हो गई।
इस बीच यास्मीन ने अपने भाई को कुछ रुपए उधार दिए। जब उन पैसों की जरूरत हुई तो आसिफ ने साले को पैसे लौटाने को कहा, जिससे यास्मीन नाराज हो गई।

घर वालों से बदसलूकी करने का आरोप
पति आसिफ का आरोप है कि उसकी पत्नी यास्मीन, मां-पिता के साथ बदसलूकी करती थी। जब उन्हें खाना देने के लिए बोला जाता तो वो कहती थी कि मैं किसी की नौकर नहीं हूं। पिता की बीपी, शुगर की दवाइयों को नाली में फेंक देती थी। फिर कुछ दिनों बाद वो मायके चली गई।








