Saturday, June 13, 2026

रफ्तार का कहर: एक ही दिन में तीन युवकों की मौत, दो हादसों से मचा हड़कंप

सूरजपुर। जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर कहर बरपाया है। एक ही दिन में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। इन हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं।

मिली जानकारी के अनुसार, पहला हादसा बनारस मुख्य मार्ग पर छुई नाला के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक महेवा रामनगर के निवासी बताए जा रहे हैं।

वहीं दूसरी घटना रामानुजनगर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवकों को मामूली चोटें आईं। एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज रामानुजनगर स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

चौंकाने वाली बात यह है कि इस हादसे में शामिल बाइक चालक नाबालिग बताए जा रहे हैं, जो नियमों की अनदेखी करते हुए वाहन चला रहे थे। इस लापरवाही ने एक और जान ले ली।

दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसों के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

एक ही दिन में सामने आए इन दो दर्दनाक हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। प्रशासन द्वारा लोगों से सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।