Tuesday, September 15, 2026

IPS के बेटे से मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस; कोर्ट ने भेजा जेल

बेल्ट-कड़े से IPS के बेटे की पिटाई का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूसअंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर थाने से न्यायालय तक ले गई। इस दौरान शहर में उनका जुलूस भी निकाला गया। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

बौरीपारा तालाब के पास हुआ था विवाद

मामला 7 सितंबर की रात करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। IPS रवि कुर्रे का 24 वर्षीय बेटा लेखांश कांत कुर्रे अपने दो दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से अपने दोस्त प्रिंस गुप्ता के बौरीपारा स्थित घर जा रहा था। प्रिंस के घर से कुछ दूरी पहले बौरीपारा तालाब के पास लेखांश ने कार रोक दी।

बताया गया कि वहां पहले से बौरीपारा निवासी गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य युवक मौजूद थे। लेखांश कार से उतरकर प्रिंस से मोबाइल पर बात कर रहा था। बातचीत के दौरान उसने गोलू गणेश का नाम लिया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल’ कहकर बढ़ा विवाद

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लेखांश से कथित तौर पर कहा- ‘गोलू गणेश नहीं, बाप बोल।’ इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि गोलू गणेश ने लेखांश का हाथ पकड़ लिया, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन और आशुतोष गुप्ता ने उसके साथ हाथ-मुक्के, बेल्ट और कड़े से मारपीट की। मारपीट में लेखांश के सिर, कनपटी और चेहरे पर चोटें आईं। शिकायत में एक आरोपी पर गला दबाने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया गया है।

लेखांश के दोस्तों ने किसी तरह उसे आरोपियों से छुड़ाया।

‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो क्या कर लेगा?’

शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने लेखांश को कथित तौर पर धमकी भी दी। आरोप है कि उससे कहा गया कि ‘तेरा बाप पुलिस ऑफिसर है तो हमारा क्या कर लेगा?’

इसके बाद लेखांश ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।

दो आरोपी गिरफ्तार, हथकड़ी पहनाकर निकाला जुलूस

मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को हथकड़ी पहनाकर कोतवाली थाने से न्यायालय तक ले जाया गया। इस दौरान पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला।

पुलिस के मुताबिक, जुलूस निकालने का उद्देश्य लोगों के मन से आरोपियों का खौफ खत्म करना और कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम करना था। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है IPS का बेटा

लेखांश कांत कुर्रे नमनाकला खटिकपारा में रहता है और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में मारपीट की पूरी घटना का विवरण दिया था।

वहीं, IPS रवि कुर्रे वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। इससे पहले वे कोरिया जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) भी रह चुके हैं।