Thursday, May 7, 2026

कोरबा RPF का बड़ा अभियान: चेन पुलिंग, महिला और दिव्यांग कोच में सफर करने वालों पर लाखों का जुर्माना

कोरबा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वर्ष 2025 और 2026 के दौरान चेन पुलिंग, महिला कोच और दिव्यांग कोच में अनधिकृत यात्रा करने वाले यात्रियों पर भारी जुर्माना लगाया गया है। रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों को नियमों का पालन करने की अपील कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं।

आरपीएफ के अनुसार, बेवजह चेन पुलिंग करने वालों पर 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा रहा है। जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में जेल भेजने का भी प्रावधान है। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 और 2026 में चेन पुलिंग के कुल 33 मामलों में 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

महिला कोच में अवैध रूप से सफर करने वाले पुरुष यात्रियों पर भी आरपीएफ ने सख्त कार्रवाई की है। इस दौरान कुल 3 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित कोच में यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों से 15 हजार 800 रुपये की वसूली की गई।

रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों को जागरूक कर रहा है कि बिना टिकट यात्रा न करें, बेवजह चेन पुलिंग न करें, महिला एवं दिव्यांग कोच में अनधिकृत प्रवेश न करें और स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाएं। इसके बावजूद नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी है।

आरपीएफ थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि बंद रेलवे फाटक के नीचे से निकलने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही कई बार जानलेवा साबित होती है और कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। इसे रोकने के लिए रेलवे पुलिस जुर्माने के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान भी चला रही है।

रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों को समय पर स्टेशन पहुंचने और चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश न करने की सलाह दी गई है। आरपीएफ ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे नियमों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।